220 ग्राम चरस के साथ दो युवक गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सीज

उत्तरकाशी। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़कोट पुलिस ने दो युवकों को 220 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ एवं नशामुक्त अभियान के तहत जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 13 नवंबर 2026 की शाम कृष्णा खड्ड के समीप चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK 07 DS 2148 को रोका। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों के कब्जे से 220 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से प्रवेश सिंह (23 वर्ष), निवासी पाणीगांव, पुरोला तथा शिवम सिंह (21 वर्ष), निवासी बिणाई, पुरोला को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध कोतवाली बड़कोट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल बबलू खान, गजेन्द्र सिंह कुंवर और मोहन सिंह ठाकुर शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक जनपद में एनडीपीएस एक्ट के तहत 33 मुकदमे दर्ज कर 46 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान लगभग 62 लाख रुपये कीमत की 13.8 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त चार आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।


