विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में अभिनव थापर ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स ग्राउंड में उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 में कांग्रेस नेता एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और आयोजन समिति को टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अभिनव थापर ने प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा के साथ स्वर्गीय पत्रकार विकास धूलिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। टूर्नामेंट के मुकाबले में दून स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दून सुपर किंग्स को 7 रन से पराजित किया।
अभिनव थापर ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम भी हैं। क्रिकेट जैसे खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आपसी सहयोग, समर्पण और चुनौतियों का सामना करने की सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें बेहतर अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने कहा कि विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट जैसे आयोजन युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ सामाजिक एकजुटता और खेल भावना को भी मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब के महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, पूर्व अध्यक्ष दर्शन सिंह रावत, पूर्व महामंत्री भूपेंद्र कंडारी, अजय शर्मा और शैलेंद्र सेमवाल सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे। प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं आयोजन समिति ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनव थापर का स्वागत किया। अभिनव थापर ने आयोजकों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।


