HTML tutorial
HTML tutorial

उत्तराखण्ड में जनगणना-2027 की स्व-गणना शुरू, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्वयं दर्ज की परिवार की जानकारी

उत्तराखण्ड में जनगणना-2027 की स्व-गणना शुरू, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्वयं दर्ज की परिवार की जानकारी
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के तहत सोमवार से स्व-गणना अभियान का शुभारंभ हो गया। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना कर इस अभियान की विधिवत शुरुआत की। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्व-गणना की। जनगणना मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं रेखा आर्य ने भी स्व-गणना कर अभियान में सहभागिता की।

जनगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने और स्व-गणना प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए एलईडी प्रचार वाहनों को जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखण्ड की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रदेशवासियों को स्व-गणना की सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक कुल 15 दिनों के लिए उपलब्ध रहेगी। इस दौरान नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इस व्यवस्था के माध्यम से लोग अपनी सुविधानुसार घर बैठे जनगणना की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

स्व-गणना पूरी करने वाले परिवारों से अपील की गई है कि वे प्रक्रिया के बाद प्राप्त अपनी विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) को सुरक्षित रखें। आगामी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच जब प्रगणक घरों पर पहुंचेंगे, तब उन्हें यह पहचान संख्या उपलब्ध कराएं, ताकि ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके।

जिन परिवारों द्वारा निर्धारित अवधि में स्व-गणना नहीं की जाएगी, उनकी जानकारी प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज की जाएगी।

जनगणना कार्य निदेशालय ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और जनगणना के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। जनगणना-2027 देश की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके सफल संचालन में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय की संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक परवीन कुमार, आर.के. बनवारी एवं सहायक निदेशक संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles