HTML tutorial
HTML tutorial

दून विश्वविद्यालय में 20 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, साहित्य में महिलाओं के प्रतिनिधित्व और भारतीय भाषाओं पर होगा मंथन

Spread the love

देहरादून। दून विश्वविद्यालय का स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज 20 और 21 नवंबर 2026 को “अंडरस्टैंडिंग भारत थ्रू भाषाज : रिप्रेजेंटेशन एंड मिसरिप्रेजेंटेशन ऑफ वुमेन इन लिटरेचर : ए ग्लोबल पर्सपेक्टिव” विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा। भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) द्वारा प्रायोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविद, साहित्यकार, अनुवादक और शोधकर्ता भारतीय भाषाओं, सांस्कृतिक विविधता तथा साहित्य में महिलाओं के प्रतिनिधित्व से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे।

यह सम्मेलन चिपको आंदोलन के 50 वर्ष पूरे होने के संदर्भ में भी विशेष महत्व रखता है। इसमें हिमालयी समाज, पर्यावरण संरक्षण, लोक संस्कृति और स्वदेशी ज्ञान परंपराओं पर विशेष विमर्श किया जाएगा।

सम्मेलन का आयोजन दून विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज द्वारा किया जा रहा है, जबकि वैली ऑफ वर्ड्स, देहरादून इसका नॉलेज पार्टनर है। साहित्य अकादेमी, लैंगर्स, इंस्टीट्यूट फ्रांसे एन इंड और इंडियन एसोसिएशन ऑफ टीचर्स ऑफ फ्रेंच सहित कई प्रमुख शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संस्थाएं भी इससे जुड़ी हैं।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारत की बहुभाषिकता, सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक स्मृतियों और समकालीन सामाजिक वास्तविकताओं को साहित्यिक एवं सांस्कृतिक दृष्टिकोण से समझना है। इसमें भारतीय भाषाओं के साहित्य, अनुवाद, अंग्रेजी तथा विभिन्न विदेशी भाषाओं में भारत की छवि और उसकी प्रस्तुतियों पर चर्चा होगी। साहित्य में महिलाओं के प्रतिनिधित्व, लैंगिक असमानता, सांस्कृतिक रूढ़ियों और महिलाओं की बहुआयामी पहचान जैसे विषय भी विमर्श के केंद्र में रहेंगे।

दो दिवसीय सम्मेलन में हिमालय, उत्तर भारत की क्षेत्रीय आवाजें, समकालीन भारत की काव्य दृष्टि, फ्रेंच एवं फ्रैंकोफोन परिप्रेक्ष्य, स्पेनिश और लैटिन अमेरिकी प्रतिक्रियाएं, भाषा की राजनीति, विकसित भारत-2047, चीनी लेखन में भारत, भारत-जापान भाषायी एवं सांस्कृतिक संवाद, जर्मनी में भारत की स्वीकार्यता तथा भारतीय ज्ञान परंपराओं सहित 12 विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे।

हिमालयी क्षेत्र पर केंद्रित सत्रों में पारिस्थितिकी, लोक संस्कृति, स्वदेशी ज्ञान परंपराओं और सांस्कृतिक भू-दृश्यों पर विशेष चर्चा होगी। इसमें पर्यावरणीय चेतना, सांस्कृतिक ज्ञान के संरक्षण में महिलाओं की भूमिका, पलायन, विस्थापन और सामूहिक स्मृतियों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार साझा किए जाएंगे। चिपको आंदोलन के 50 वर्ष पूरे होने का अवसर हिमालय की पर्यावरणीय विरासत और वर्तमान चुनौतियों को समझने का महत्वपूर्ण आधार बनेगा।

दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल सम्मेलन की मुख्य संरक्षक तथा स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज की डीन प्रो. चेतना पोखरियाल संयोजक हैं। उद्घाटन सत्र में उत्तराखण्ड के राज्यपाल की उपस्थिति प्रस्तावित है।

सम्मेलन में आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों एवं वक्ताओं में सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी आफताब सेठ, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. संजीव चोपड़ा, यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल की डॉ. ईवा सुवारा, फ्रांस दूतावास की क्लोथिल्ड सॉत्रेल, प्रो. हिरोयुकी सातो और प्रो. जिया यान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रो. रानू उनियाल, प्रो. राणा नायर, प्रो. बी.आर. दीपक और प्रो. किरण चौधरी सहित कई प्रतिष्ठित शिक्षाविद एवं शोधकर्ता भी अपने विचार रखेंगे।

विश्वविद्यालय को उम्मीद है कि इस सम्मेलन के माध्यम से सहकर्मी-समीक्षित संपादित पुस्तक अथवा विशेषांक का प्रकाशन होगा। साथ ही उच्च शिक्षा में बहुभाषिक साहित्यिक परिवेश को मजबूत करने के लिए नीतिगत सुझाव सामने आएंगे और भविष्य में संयुक्त शोध के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अकादमिक नेटवर्क विकसित होगा।

 

 

 

 

 

Convert to PDF

देवभूमि खबर

Related articles