कैबिनेट के अहम फैसले: आशा कार्यकत्रियों का मानदेय 1700 रुपये बढ़ेगा, वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष हुई

देहरादून। उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश के विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। कैबिनेट ने आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि करने, वन आरक्षी पद पर सीधी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने तथा हरिद्वार में पॉड टैक्सी परियोजना के निर्माण सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी दी।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक (प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग) डॉ. दिनेश चन्द्र ध्यानी को समान सेवा लाभ प्रदान किए जाने से संबंधित प्रकरण को मंत्रिमंडल ने अनुमोदन प्रदान किया।
खनन क्षेत्र में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क एवं क्षतिपूर्ति शुल्क की दरों में बदलाव किया गया है। इसके तहत जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क 15 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत किया गया है। वहीं, न्यास शुल्क की पांच प्रतिशत दर को क्षतिपूर्ति शुल्क में शामिल करते हुए इसे 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया है। पूर्व में रॉयल्टी की बढ़ी हुई दरें स्थगित रहेंगी।
वन विभाग में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत देते हुए कैबिनेट ने वन आरक्षी पद पर सीधी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया है। यह आयु सीमा 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। इसके लिए उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली में संशोधन किया जाएगा।
भवन निर्माण एवं विकास उपविधि/विनियम, 2011 के मानकों में शिथिलीकरण देने के लिए भी नई व्यवस्था को मंजूरी दी गई है। पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों तथा भवनों के उपयोग को ध्यान में रखते हुए भूखंड के क्षेत्रफल के आधार पर अलग-अलग स्तर निर्धारित किए जाएंगे। इससे भवन निर्माण से जुड़े प्रकरणों का सरलता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण हो सकेगा।
महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों में संशोधन को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी। इसके तहत एक अगस्त 2025 के शासनादेश से निर्धारित शुल्क व्यवस्था के स्थान पर छह अक्टूबर 2021 के शासनादेश के अनुसार दरें लागू करने का निर्णय लिया गया। सरकार का मानना है कि इससे वैधानिक निर्माण और नियोजित विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा अवैध प्लॉटिंग और अनियंत्रित निर्माण पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही निजी विकासकर्ताओं को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
हरिद्वार शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) यानी पॉड टैक्सी परियोजना ‘हरिद्वार दर्शन’ के निर्माण का प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने रखा गया। परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। पहले कॉरिडोर में सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा मार्ग होगा, जिस पर 15 स्टेशन प्रस्तावित हैं। दूसरे कॉरिडोर में सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर लंबा मार्ग और चार स्टेशन होंगे। तीसरे कॉरिडोर में गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर लंबा मार्ग तथा दो स्टेशन प्रस्तावित हैं। तीनों कॉरिडोर की कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर होगी और इनमें कुल 21 स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं।
परियोजना के लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी। इसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। इसके अतिरिक्त निर्माण सामग्री, मशीनरी और अन्य कार्यों के लिए पांच वर्ष की अवधि हेतु दो हेक्टेयर अस्थायी भूमि की जरूरत होगी, जिसे सीतापुर स्थित प्रस्तावित पीआरटी डिपो के समीप चिह्नित किया गया है।
ऋषिकेश के बापूग्राम आरक्षित वन की 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि के संबंध में भी कैबिनेट ने सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है। यह निर्णय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन और भविष्य की कार्यवाही के दृष्टिगत वन भूमि को अधिसूचना से मुक्त करने (डीनोटिफाई) के प्रस्ताव पर लिया गया है। इस संबंध में आगे का प्रस्ताव वन विभाग की ओर से प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान (कर्मचारियों की सेवा) नियमावली, 2013 में संशोधन करते हुए वर्ष 2026 की संशोधन नियमावली प्रख्यापित किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
कैबिनेट का एक महत्वपूर्ण निर्णय आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि करना रहा। इस फैसले से प्रदेश की आशा कार्यकत्रियों को आर्थिक राहत मिलेगी और उनके मानदेय में बढ़ोतरी होगी।


