उत्तराखंड में प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल, 10 अधिकारियों के कार्यभार बदले

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) के कुल 10 अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है। शासन की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश के तहत नैनीताल, अल्मोड़ा, देहरादून और हरिद्वार सहित विभिन्न जिलों एवं विभागों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
स्थानांतरण आदेश के अनुसार, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल (आईएएस 2011) को जिलाधिकारी पद से हटाकर अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान पर अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह (आईएएस 2018) को नैनीताल का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग में भी बदलाव किया गया है। अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण निधि यादव (आईएएस 2017) को अपर सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। वहीं, खेल एवं युवा कल्याण की निदेशक दीप्ति सिंह (आईएएस 2017) को अल्मोड़ा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर (आईएएस 2014) अपने वर्तमान पद पर बने रहेंगे। उन्हें जिला विकास प्राधिकरण, नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
पीसीएस अधिकारियों के स्तर पर भी फेरबदल किया गया है। अपर जिलाधिकारी देहरादून कृष्ण कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है। अपर मेलाधिकारी, कुंभ मेला हरिद्वार पंकज कुमार उपाध्याय अपने वर्तमान दायित्व के साथ अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
अपर जिलाधिकारी हरिद्वार वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अल्मोड़ा में डिप्टी कलेक्टर एवं नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल तथा नैनीताल में तैनात डिप्टी कलेक्टर सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा बनाया गया है।


