रेशमबाड़ी चाकूबाजी और हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई, चार नामजद आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के रुद्रपुर स्थित रेशमबाड़ी में चाकूबाजी के दौरान एक व्यक्ति की हत्या के मामले में एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने अब तक मामले में नामजद छह अभियुक्तों में से चार को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक अभियुक्त शिवम चन्द्रा उर्फ बर्गर पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, दो अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, रेशमबाड़ी वार्ड नंबर 12 निवासी जोहरी लाल पुत्र स्वर्गीय रामलाल ने तहरीर देकर बताया कि 26 नवंबर 2026 की शाम उनका नाती अनुज मोटरसाइकिल से बाजार जा रहा था। इसी दौरान रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर विनोद कश्यप ने उसकी मोटरसाइकिल की चाबी निकालकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसी रात विनोद कश्यप अपने साथियों सुभाष राठौर, प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चन्द्रा, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर के साथ राम अवतार के घर पहुंचा। वहां परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें लीलाधर, राहुल सहित परिवार के कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा संख्या 618/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 191(3), 118(1) और 352 में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना और गवाहों के बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूछताछ की और फील्ड यूनिट की सहायता से साक्ष्य एकत्र किए।
विवेचना के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 27 नवंबर को बागवाड़ा मंडी गेट के सामने किच्छा रोड से पैदल जा रहे दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह (18 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 12 रेशमबाड़ी और विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप (19 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 13 दूधियानगर, रुद्रपुर के रूप में हुई।
28 नवंबर की सुबह मिली सूचना पर पुलिस टीम भगवानपुर क्षेत्र में सरदारों के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, एक संदिग्ध व्यक्ति खेतों की ओर भागा और पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदिग्ध के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी।
घायल की पहचान शिवम चन्द्रा उर्फ बर्गर पुत्र पप्पू (25 वर्ष), निवासी रेशमबाड़ी, रुद्रपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया। उसे जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा संख्या 619/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109 तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। शिवम की गिरफ्तारी के संबंध में मुख्य मुकदमे के विवेचक को सूचना देकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने 28 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर मेडिसिटी अस्पताल के पास किच्छा रोड स्थित तीन पानी तिराहे से एक अन्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान अरुण कुमार ठाकुर पुत्र राजकुमार उर्फ लालाराम (20 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 12 रेशमबाड़ी, रुद्रपुर के रूप में हुई। गिरफ्तारी की सूचना नियमानुसार उसके परिजनों को दे दी गई।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक सुभाष, विनोद कश्यप, शिवम चन्द्रा उर्फ बर्गर और अरुण कुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
कार्रवाई में सुभाष और विनोद की गिरफ्तारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल एवं हेड कांस्टेबल विनोद मेहता ने की। वहीं, शिवम की गिरफ्तारी की कार्रवाई वरिष्ठ उपनिरीक्षक खुशवंत सिंह, उपनिरीक्षक संदीप शर्मा, उपनिरीक्षक इन्दर सिंह ढैला और पुलिस टीम ने की। मामले की विवेचना और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।


