आपदा प्रबंधन में पूर्वानुमान, तैयारी और जनसुरक्षा को मिले सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि प्रतिभाग कर रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन का उद्देश्य केवल राहत और बचाव तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि संभावित जोखिमों का पूर्वानुमान, समय रहते तैयारी और सुरक्षित भविष्य का निर्माण इसकी प्राथमिकता होनी चाहिए। विकास योजनाओं में पर्यावरणीय संतुलन और मानवीय सुरक्षा को सर्वोच्च महत्व दिया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन उत्तराखण्ड को आपदा प्रबंधन, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से विभिन्न देशों के अनुभवों, आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और अनुसंधान को साझा करने के साथ आपदाओं से निपटने के लिए समन्वित रणनीतियों पर विचार-विमर्श होगा। उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों, देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ लगभग 50 देशों की सहभागिता दर्शाती है कि आपदा प्रबंधन पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने 28 नवंबर को उत्तराखण्ड के लिए विशेष महत्व का दिन बताते हुए वर्ष 2023 के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को याद किया। उन्होंने कहा कि 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरंग में फंसे सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना केवल एक रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता नहीं, बल्कि मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी।
उन्होंने श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के साहस और धैर्य की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहे और आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री के सहयोग को कठिन समय में अभिभावक के समान संबल बताया।
मुख्यमंत्री ने अभियान में योगदान देने वाले इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय एवं राज्य की एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब बड़ी मशीनों के सामने चुनौतियां आईं, तब रैट माइनर्स ने अपने कौशल और साहस से अभियान को सफलता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह अभियान आधुनिक विज्ञान, तकनीक और मानवीय संवेदनशीलता के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के गंभीर प्रभावों का सामना कर रही है। कहीं अतिवृष्टि और बाढ़ तो कहीं सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी घटनाएं जनजीवन को प्रभावित कर रही हैं। इनका असर केवल जन-धन की हानि तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अर्थव्यवस्था, कृषि, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक संरचना पर भी पड़ता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, वर्ष 2021 की चमोली आपदा, सिलक्यारा सुरंग घटना और हाल के वर्षों में हुई प्राकृतिक आपदाओं ने स्पष्ट कर दिया है कि हिमालयी क्षेत्रों में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, नेपाल, भूटान और तिब्बत सहित संपूर्ण हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियां काफी हद तक समान हैं। इसलिए सम्मेलन में हिमालयी क्षेत्र की समस्याओं और उनके समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिमालय से निकलने वाली नदियां करोड़ों लोगों के जीवन का आधार हैं। यहां के ग्लेशियर, वन और जैव विविधता पूरे क्षेत्र की जल एवं पर्यावरणीय सुरक्षा से जुड़े हैं। ग्लेशियरों पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, अतिवृष्टि, भूस्खलन, बादल फटने और बाढ़ जैसी घटनाओं का वैज्ञानिक अध्ययन तथा समय रहते चेतावनी देने वाली व्यवस्थाओं का विकास जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के माध्यम से आपदा संबंधी जोखिमों का बेहतर आकलन किया जा सकता है। इन तकनीकों का लाभ प्रदेश के अंतिम गांव तक पहुंचना चाहिए, ताकि समय रहते चेतावनी जारी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में केवल घटना के बाद प्रतिक्रिया देने वाली व्यवस्था से आगे बढ़कर पूर्वानुमान, पूर्व तैयारी और जोखिम न्यूनीकरण की दिशा में कार्य कर रहा है। आपदा के बाद राहत एवं बचाव जितना जरूरी है, उससे अधिक महत्वपूर्ण संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान करना है।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन की थीम ‘रेजिलिएंस स्टार्ट्स एट होम—एंटीसिपेटिंग रिस्क्स, बिल्डिंग रेजिलिएंस, ट्रांसफॉर्मिंग फ्यूचर’ को प्रासंगिक बताते हुए कहा कि आपदा से मुकाबले की तैयारी घर, गांव, विद्यालय, कार्यालय और स्थानीय समुदाय से शुरू होनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक को आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी होनी चाहिए। प्रशिक्षित युवा, पंचायतें और स्थानीय संस्थाएं आपदा के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने सम्मेलन के हाइब्रिड और विकेंद्रीकृत स्वरूप की सराहना करते हुए कहा कि छह महाद्वीपों में एक साथ आयोजित सत्रों के माध्यम से विभिन्न देशों के विशेषज्ञों और संस्थानों को जोड़ा जा रहा है। इससे अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ने के साथ यात्रा से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद वे स्वयं हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र पहुंचे थे। वहां प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान गुजरात की एक महिला ने उन्हें अपना धर्मभाई मानते हुए राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रसंग आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति मानवीय संवेदना, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार एसडीआरएफ को मजबूत बनाने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और स्थानीय समुदायों को प्रशिक्षित करने पर विशेष ध्यान दे रही है। आपदा के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और पुनर्निर्माण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की कोई भी परियोजना मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। प्रत्येक विकास योजना में पर्यावरणीय संतुलन, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के पहलुओं को शामिल किया जाना चाहिए। वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार, प्रशिक्षण और सामुदायिक सहभागिता से ही सुरक्षित एवं टिकाऊ भविष्य का निर्माण संभव है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मेलन में होने वाला विचार-विमर्श उत्तराखण्ड सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र और विश्व के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा तथा आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में नई नीतियों, तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल, विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


