वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं कांग्रेस नेता शंकर चन्द रमोला के निधन पर राज्य आंदोलनकारियों ने जताया शोक

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच ने वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी, संयुक्त संघर्ष समिति के पूर्व पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शंकर चन्द रमोला के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 28 नवंबर को आयोजित शोक सभा में आंदोलनकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और उनके संघर्ष एवं सामाजिक योगदान को याद किया।
शंकर चन्द रमोला तत्कालीन उत्तर प्रदेश में प्रधान संघ के अध्यक्ष रहे थे। वह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा के शिष्य भी थे। पृथक उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के दौरान उन्होंने भाऊवाला और आसपास के क्षेत्रों से युवाओं एवं महिलाओं को संगठित कर धरना-प्रदर्शनों, बैठकों और जनजागरण अभियानों में सक्रिय भागीदारी की थी।
मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी और प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने बताया कि रमोला संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रणजीत सिंह वर्मा के बेहद करीबी थे और आंदोलन की रणनीति तैयार करने वाली टीम के महत्वपूर्ण सदस्य रहे थे। उन्होंने पर्वतीय गांधी स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी, भोला दत्त खरोला तथा अन्य वरिष्ठ आंदोलनकारियों के साथ मिलकर कुमाऊं और गढ़वाल के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली में आयोजित बैठकों एवं गोष्ठियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
केशव उनियाल, वेदा कोठारी और ओमी उनियाल ने बताया कि दो वर्ष पूर्व राज्य आंदोलनकारी मंच ने उनके अस्वस्थ होने के कारण भाऊवाला पहुंचकर राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर उन्हें ‘राज्य आंदोलनकारी गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया था।
पुष्पलता सिलमाणा, द्वारिका बिष्ट और राजेश्वरी नेगी ने कहा कि शंकर चन्द रमोला का राज्य निर्माण के लिए किया गया संघर्ष कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने उनके साथ अनेक आंदोलनों और जनजागरण अभियानों में भागीदारी की थी। पृथक राज्य आंदोलन के साथ-साथ उन्होंने ग्रामीण स्तर पर जनकल्याण, किसानों के हितों और सहकारिता के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शोक व्यक्त करने वालों में सलाहकार केशव उनियाल, प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, प्रदेश महासचिव रामलाल खंडूड़ी, प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती, राज्य मंत्री अशोक वर्मा, पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र जुगरान, पूर्व पार्षद गणेश डंगवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र भंडारी, अधिवक्ता पृथ्वी सिंह नेगी, मोहन खत्री, अनुज नौटियाल, विजय बलूनी, सुरेश नेगी, हरी सिंह मेहर, चंद्रकिरण राणा, भानु रावत, रघुवीर तोमर, सुशील चमोली, मनोज नौटियाल (गोल्डी), पूर्व चीनी मिल अध्यक्ष मनोज नौटियाल, पूर्व पार्षद महेंद्र रावत (बब्बी), सुमित थापा, विनोद असवाल, सत्येंद्र नौगाईं, प्रभात डंडरियाल, वेदा कोठारी, गौरव खंडूड़ी, राकेश नौटियाल, राजेश पांथरी, मोहन थापा, वीरेंद्र बिष्ट, द्वारिका बिष्ट, सुलोचना भट्ट, पुष्पलता सिलमाणा, राधा तिवारी, अरुणा थपलियाल, तारा पांडे, राजेश्वरी परमार, शकुंतला रावत, शुभागा फर्स्वाण, रामेश्वरी नेगी, सुलोचना गुसाईं और सुशीला चंदोला सहित अनेक राज्य आंदोलनकारी शामिल रहे।


