एमडीडीए,साडा के आतंक के खिलाफ मोर्चा ने किया तहसील में घेराव एवं प्रदर्शन

विकासनगर।साडा/एमडीडीए के आतंक एवं उसके मानकों में ढील प्रदान किये जाने को लेकर जनसंघर्ष मोर्चा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा अध्यक्ष एवं जी0एम0वी0एन0 के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में तहसील विकासनगर में प्रदर्शन/घेराव कर महामहिम राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी विकासनगर, श्री कौस्तुभ मिश्र को सौंपा।
नेगी ने कहा कि दून घाटी विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) /मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एम0डी0डी0ए0) के जटिल मानकों की वजह से जनता आतंकित है तथा कई लोग डिप्रेशन का शिकार हो गये हैं।
महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि प्राधिकरण के कड़े मानकों के चलते जरूरतमंद गरीब व्यक्ति एक छोटा सा मकान/दुकान बनाने हेतु मानचित्र पास कराने के उद्देश्य से प्राधिकरण के कई-कई चक्कर काटता है, लेकिन उसका मानचित्र स्वीकृत नहीं हो पाता, मजबूरन उसे प्राधिकरण की अनदेखी कर बिना मानचित्र स्वीकृत कराये निर्माण करना पड़ता है तथा निर्माण शुरू होते ही प्राधिकरण द्वारा सीलिंग/ध्वस्तीकरण का नोटिस थमा दिया जाता है।
नेगी ने कहा कि होना तो चाहिए कि प्राधिकरण को नई विकसित कालोनियों, माॅल, काॅम्पलेक्स पर ही अपने नियम लागू करने चाहिए, लेकिन पूर्व में गली-मौहल्ले में निर्मित भवनों, दुकानों के पुर्ननिर्माण/ नये निर्माण पर इन मानकों में ढील प्रदान की जानी चाहिए।
अति महत्वपूर्ण एवं उल्लेखनीय है कि प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत भवन/दुकान निर्माण कराने वाला व्यक्ति इस फजीहत से बचने के उद्देश्य से नक्शा पास कराकर निर्धारित विभागीय शुल्क जमा कराना चाहता है, लेकिन फिर वही मानकों के अडंगे से उसे दो-चार होना पड़ता है। मानकों की जटिलता की वजह से मात्र 10-15 फीसदी मानचित्र ही स्वीकृत हो पाते हैं, जिस कारण सरकार को करोड़ों रूपये राजस्व की हानि होती है। इन कड़े मानकों का फायदा प्राधिकरण के कर्मचारी/अधिकारी/दलाल उठाते हैं।
मोर्चा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत बिना अनुमति स्टोन क्रशर/स्क्रीनिंग प्लान्ट आदि तो खोले जा सकते हैं, लेकिन एक छोटा सा मकान/दुकान नहीं बनाया जा सकता। प्रदर्शन करने वालो में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, दिलबाग सिंह, ओ0पी0 राणा, डाॅ0 ओ0पी0 पंवार, श्रवण ओझा, मौ0 इस्लाम, नरेन्द्र तोमर, अ. खालिक, सुशील भारद्वाज, जयदेव नेगी, जयपाल सिंह, चैधरी मामराज, रहवर अली, मौ0 आसिफ, इदरीश, भीम सिंह बिष्ट, गौर सिंह चैहान, अनिल गौड़, सतीश गुप्ता, अशोक गर्ग, रवि भटनागर, मौ0 नसीम, फतेह आलिम, अंकुर चौरसिया , मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद गालिब, के.सी. चंदेल, नत्थी सिंह पंवार, चौधरी अमन सिंह आदि थे।

