केंद्र व राज्य सरकार हर मोर्चे पर फेलः सरिता नेगी

Spread the love

पौड़ी।देवभूमि खबर। कांग्रेस ने केंद्र व राज्य सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताया है। कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों से जनता परेशान है। आगामी चुनावों में जनता भाजपाइयों को करारा जवाब देगी। आरोप लगाया कि देश में दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही है लेकिन केंद्र सरकार इस ओर ठोस कदम नहीं उठा रही है।

रविवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता सरिता नेगी ने कहा कि देश में लगातार दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही है। उन्नाव जिले में पिछले 11 महीने में दुष्कर्म की 46 घटनाएं हुई हैं लेकिन केंद्र सरकार घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। कहा कि पहली बार धर्म के आधार पर कानून बनाकर नागरिक संशोधन विधेयक बनाया जा रहा है। इस विधेयक के बन जाने के बाद लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा सरकारी संपतियों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। केंद्र सरकार बेरोजगारी, महगांई, शिक्षा हर मुद्दे पर फेल साबित हो रही है। जनता को दिखाए गए सपने पूरे नहीं हो पा रहे है। देश की आर्थिक विकास दर लगातार गिर रही है। विदेश नीति दिनप्रतिदिन कमजोर हो रही है। फीसवृद्धि कर छात्रों को समान शिक्षा के अधिकार से रोका जा रहा है। कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार की नीतियों से जनता परेशान हो चुकी है। फीस वृद्धि, बेरोजगारी से लोग परेशान है। स्थानीय स्तर पर पौड़ी में कूड़ा निस्तारण, अधूरा डीएम कार्यालय, सड़कों पर बने गड्ढे, बरसाती पानी की निकासी करना सरकार के लिए चुनौती बना हुआ है। कहा कि संविधान को बचाने के लिए 14 दिसंबर को दिल्ली में भारत बचाओ आंदोलन का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ धरना दिया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आंदोलन में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील भी की। इससे पूर्व सभी कांग्रेसियों ने दिल्ली में हुए भीषण अग्निकांड में मारे गए लोगों के प्रति शोक प्रकट किया। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष अनूप कंडारी, युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र कुमार, राहत हुसैन, विनोद नेगी, अजय राणा, भगवान सिंह टम्टा, युद्धवीर सिंह रावत, जगमोहन सिंह नेगी, कविंद्र चंद्र आदि शामिल थे।

देवभूमि खबर