हरिद्वार नगर निगम भूमि घोटाला: विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 10 आरोपियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
देहरादून। हरिद्वार नगर निगम भूमि घोटाला प्रकरण में विजिलेंस (सतर्कता अधिष्ठान) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को 10 आरोपित अधिकारियों और कर्मचारियों के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ सर्च अभियान चलाया। यह कार्रवाई सक्षम न्यायालय से जारी सर्च वारंट के आधार पर की गई।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, मामले की जांच में दोषी पाए जाने के बाद राज्य सरकार की अनुमति से थाना सतर्कता सेक्टर, देहरादून में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद घोटाले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को जुटाने के लिए आरोपितों के आवासों पर तलाशी ली गई।
जिन 10 आरोपितों के यहां तलाशी अभियान चलाया गया, उनमें वरुण चौधरी, रविंद्र कुमार दयाल, लक्ष्मीकांत, आनंद मिश्रवाण, वेदपाल, दिनेश कांडपाल, जितेंद्र कुमार, सुमन देवी, अभिषेक और सुजीत कुमार शामिल हैं।
विजिलेंस ने लखनऊ, दिल्ली, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश और देहरादून सहित विभिन्न स्थानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए आठ विशेष टीमों का गठन किया। सुबह से शुरू हुए इस अभियान के दौरान कई स्थानों से घोटाले से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य कब्जे में लिए गए हैं।
सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों के अनुसार, बरामद दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही आरोपित अधिकारियों और कर्मचारियों की अन्य संभावित भ्रष्टाचार संबंधी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

