कोटखाई गैंगरेप : शिमला के पूर्व SP नेगी गिरफ्तार, 5 दिन के रिमांड पर भेजे गए

Spread the love

हिमाचल के शिमला के कोटखाई गैंगरेप और मर्डर मामले में सीबीआई ने एक बार फिर से बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस एसआईटी में शामिल शिमला के पूर्व एसपी डी.डब्ल्यू. नेगी को वीरवार को गिरफ्तार कर लिया है.
इसके बाद उन्हें सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया है, जहां से नेगी को पांच दिन के सीबीआई रिमांड पर भेजा गया है. 20 नवंबर तक वे सीबीआई रिमांड पर रहेंगे.
सीजेएम रणजीत ठाकुर की कोर्ट ने रिमांड मंजूर किया है. सूरज हत्या कांड मामले में निष्पक्ष जांच न करने के आरोप में नेगी को गिरफ्तार किया गया है.
बता दें कि इसमें मामले में सीबीआई ने पहले ही एसआईटी के प्रमुख आईजी जहूर जैदी समेत आठ अफसरों को गिरफ्तार किया था. इन सभी पर सुबूतों से छेड़छाड़ का आरोप है. अब नेगी को सीबीआई की टीम ने गिरफ्तार किया है. नेगी शिमला में डीजीपी हैडक्वाटर में तैनात थे.
उधर, इससे पहले जैदी के अलावा डीएसपी मनोज कुमार को भी सीबीआई ने गिरफ्तार किया था. उनके अलावा, पुलिस कर्मी राजेंद्र सिंह, एएसआई दीपचंद, मोहन लाल, रंजीत सिंह, रफीक अली और सूरत सिंह सीबीआई गिरफ्त में हैं. ये सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में चल रहे हैं.
आरोपी पुलिस वालों के वॉयस सैंपल लेने की अर्जी पर सुनवाई कल
गुड़िया रेप हत्याकांड मामले में पुलिस वालों के वॉयस सैंपल लेने के लिए सीबीआई की अर्जी पर शुक्रवार को सुनवाई होगी. सीबीआई ने आईजी, डीएसपी समेत आठों पुलिसवालों की आवाज के नमूने मांगे हैं.
सीबीआई की अर्जी पर बुधवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रणजीत सिंह की कोर्ट ने 17 नवंबर की तिथि तय की है.
चार जुलाई को कोटखाई की एक छात्रा स्कूल से लौटते वक्त लापता हो गई थी. इसके बाद छह जुलाई को कोटखाई के जंगल में बिना कपड़ों के उसकी लाश मिली थी. छात्रा की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी. मामले में छह आरोपी पकड़े गए थे.
इनमें राजेंद्र सिंह उर्फ राजू, हलाइला गांव, सुभाष बिस्ट (42) गढ़वाल, सूरज सिंह (29) और लोकजन उर्फ छोटू (19) नेपाल और दीपक (38) पौड़ी गढ़वॉल के कोटद्वार से है.
इनमें से सूरज की कोटखाई थाने में 18 जुलाई की रात को हत्या कर दी गई थी. आरोप है कि राजू की सूरज से बहस हुई और उसके बाद राजू ने उसकी हत्या कर दी. सीबीआई ने इन दोनों मामलों में केस दर्ज किया है.

देवभूमि खबर

Related articles