रिश्वतखोरी के मामले में आयकर विभाग का तत्कालीन निरीक्षक दोषी, तीन साल की सजा

लखनऊ। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने रिश्वतखोरी के मामले में आयकर विभाग के तत्कालीन निरीक्षक धर्मशील अग्रवाल को दोषी करार देते हुए तीन साल के कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने 25 नवंबर 2026 को सुनवाई पूरी होने के बाद यह फैसला सुनाया।
सीबीआई के अनुसार, यह मामला 3 अक्टूबर 2018 को कोलकाता स्थित मेसर्स जेडी टेप्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि लखनऊ में तैनात आयकर निरीक्षक धर्मशील अग्रवाल ने आयकर विभाग द्वारा जब्त की गई सात करोड़ रुपये की सावधि जमा रसीदों (एफडीआर) को जारी करने और वापस दिलाने के एवज में 60 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
मामले की जांच पूरी करने के बाद सीबीआई ने 30 नवंबर 2018 को धर्मशील अग्रवाल और एक निजी चार्टर्ड अकाउंटेंट के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।
अदालत में लंबी सुनवाई और उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण के बाद तत्कालीन आयकर निरीक्षक को रिश्वतखोरी के मामले में दोषी ठहराया गया और तीन साल के कारावास के साथ 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई।


