प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर फेलः राजपाल बिष्ट

Spread the love

पौड़ी। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार के तीन सालों की उपलब्धियों को निराशाजनक बताया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजपाल बिष्ट ने कहा है कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। आरोप लगाया कि इन दिनों पूरे देश में कोरोना वायरस का डर फैला हुआ है लेकिन प्रदेश में सरकार द्वारा कोरोना वायरस को लेकर कोई व्यवस्थाएं नहीं की गई है।  कहा कि सरकार द्वारा गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाकर लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है। गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजपाल बिष्ट ने राज्य सरकार के तीन सालों को बेहद निराशाजनक बताया। उन्होंने राज्य सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताया। कहा कि सरकार ने 100 दिन के भीतर लोकायुक्त नियुक्त करने की बात कही थी, लेकिन तीन साल के बाद भी अभी तक कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। एनएच 74 घोटाले के दोषियों के खिलाफ सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इसके साथ ही रोजगार, नए उद्योग धंधे लगाने में भी सरकार फेल हुई है। कहा कि जिला विकास प्राधिकरण से लोग परेशान हैं। प्राधिकरण नक्शे के नाम पर लोगों को अनावश्यक परेशान कर रहा है लेकिन सरकार इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दे रही है। चैबट्टाखाल विधानसभा में तीन साल में एक भी विकास कार्य नहीं हुए है। सरकार द्वारा गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाए जाने को उन्होंने लोगों व आंदोलनकारियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने सरकार से जंगली जानवरों की रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने, कोरोना वायरस से निपटने के लिए बेहतर इंतजाम करने की मांग की। इस मौके पर पार्टी के एकेश्वर ब्लाक महेंद्र सिंह रावत, आशीष नेगी, जिला पंचायत सदस्य मुकेश नेगी, शिवचरण भंडारी, मोहित सिंह आदि शामिल थे।

देवभूमि खबर