दर्जाधारी राज्य मंत्री अतर सिंह असवाल ने निर्माणाधीन बिल्डिंग का किया निरीक्षण
श्रीनगर। सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष व दर्जाधारी राज्य मंत्री अतर सिंह असवाल ने संयुक्त अस्पताल के 52 बेड के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण की कार्यदायी संस्था व ठेकेदारों को निर्धारित समय पर भवन निर्माण पूरा किए जाने के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था की ओर से दो महीने के अंदर निर्माणाधीन भवन की पहली मंजिल का पूरा कार्य संपन्न होने की बात कही गई है। कहा निर्माण कार्य में 90 मजदूर लगे हुए हैं। जिन्हें कोरोना महामारी के चलते निर्माण कार्य के दौरान उचित सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखे जाने को भी कहा गया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने पर अस्पताल भवन का लाभ डॉक्टरों सहित रोगियों को मिलना शुरू हो जाएगा। मौके पर संयुक्त अस्पताल के विधायक प्रतिनिधि शंकर मणि मिश्रा, जगमोहन नेगी एवं भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट भी मौजूद रहे।

