तीन दिवसीय ऑन लाईन राष्ट्रीय सेमिनार आयोजन के लिए तैयारियां पूरी रेडिएशन की स्थिति का चलेगा पता : रमोला
नई टिहरी। दुनियाभर में रेडिएशन (विकिरण) की वास्तविक स्थिति का पता लगा सकेगा। इसके लिए नेशनल रेडोन नेटवर्क सोसाइटी की ओर से 18 मार्च से होने वाले तीन दिवसीय ऑन लाईन राष्ट्रीय सेमिनार आयोजन के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं, जिसमें संसार भर के वैज्ञानिक अपने देश के रेडिएशन और कार्यों की जानकारी प्रस्तुत करेंगे।
विकिरण संरक्षण एवं जागरूकता के लिए स्वामी रामतीर्थ परिसर के पूर्व निदेशक प्रो आरसी रमोला ने नेशनल रेडोन नेटवर्क सोसयटी का गठन किया था। इसी क्रम में इस साल स्वामी रामतीर्थ परिसर और पीजी कालेज नई टिहरी के संयुक्त तत्वावधान में नेशनल रेडिएशन अवेयरनेश एंड डिटेक्शन विषय पर राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।
नेशनल रेडोन नेटवर्क सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो आरसी रमोला ने बताया कि ऑनलाइन सेमिनार में आयरलैंड, स्पेन, जर्मनी, हंगरी, इटली, जापान, पौलेंड, ताइवान और कनाडा सहित भारत के वैज्ञानिक एवं शोधार्थी अपने शोध प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला के निदेशक डाॅ डीके असवाल मुख्य अतिथि होंगे। साथ ही एचएनबी केंद्रीय विवि की कुलपति प्रो अन्नपूर्णा नौटियाल समारोह की अध्यक्षता करेंगी। संयोजक डाॅ कुलदीप सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय सेमिनार का आयोजन 10 सत्रों में किया जाएगा।

