उत्तराखंड पर्यटन के लिए बनेगा 5 वर्षीय रोडमैप, नए पर्यटन स्थल और ग्लैंपिंग प्रोजेक्ट होंगे विकसित

उत्तराखंड पर्यटन के लिए बनेगा 5 वर्षीय रोडमैप, नए पर्यटन स्थल और ग्लैंपिंग प्रोजेक्ट होंगे विकसित
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उत्तराखंड में पर्यटन विकास को नई दिशा देने के लिए विभाग को पांच वर्षीय लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन राज्य की आर्थिकी का प्रमुख आधार है और निर्धारित आउटकम इंडिकेटर्स को हासिल करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करना आवश्यक है।
मुख्य सचिव ने पर्यटन उत्पादों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रभावी पब्लिसिटी के बिना निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करना संभव नहीं है।

उन्होंने वार्षिक प्रचार-प्रसार योजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि नीति एक्स्ट्रीम अल्ट्रा रन, आदि कैलाश हाई एल्टीट्यूड मैराथन, रिवर राफ्टिंग फेस्टिवल और विंटर कार्निवल जैसे आयोजनों को हर वर्ष तय समय पर नियमित रूप से आयोजित किया जाए, ताकि ये आयोजन पर्यटन आकर्षण के साथ राज्य की ब्रांडिंग का माध्यम बन सकें।

बैठक में मुख्य सचिव ने पर्यटन के लिए शॉर्ट टर्म, मीडियम टर्म और लॉन्ग टर्म रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन सर्किट और नए डेस्टिनेशन विकसित करने के साथ आवश्यक आधारभूत ढांचे के निर्माण तथा हॉस्पिटैलिटी एवं पर्यटन परियोजनाओं में निजी निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार नए पर्यटन स्थलों का विकास किया जाए और समावेशी एवं टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देकर संतुलित क्षेत्रीय विकास सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य सचिव ने प्रदेश के युवाओं को पेशेवर पर्यटन गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इस व्यवस्था को संस्थागत स्वरूप दिया जाए। इसके लिए इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) का सहयोग लिया जा सकता है। प्रशिक्षण मॉड्यूल ऐसे तैयार किए जाएं कि प्रशिक्षित युवाओं को उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश और विदेश में भी रोजगार के अवसर मिल सकें।

उन्होंने वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और बढ़ती मांग को देखते हुए राज्य में उपयुक्त स्थानों का चयन कर आधुनिक ग्लैंपिंग (लक्जरी कैंपिंग) प्रोजेक्ट विकसित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव अभिषेक रोहिला सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles