आपदा प्रभावितों के साथ आम आदमी पार्टी, निरीक्षण समिति ने किया दौरा और भेजी राहत सामग्री
देहरादून। हाल ही में प्रदेशभर में आई भीषण आपदा से आम आदमी पार्टी (AAP) गहराई से मर्माहत है। पार्टी ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का आकलन करने के लिए एक 9 सदस्यीय आपदा निरीक्षण समिति का गठन किया। इस समिति ने पिछले दो दिनों तक सहस्त्रधारा के मझाणा, कार्लीगार्ड ग्राम और मालदेवता क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान समिति ने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी परेशानियों को सुना और जिला प्रशासन द्वारा जारी बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया। समिति ने दौरे के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है, जिसे शीघ्र ही जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा।
निरीक्षण समिति ने बचाव कार्य में मात्र एक जेसीबी मशीन लगाए जाने को अपर्याप्त बताया। समिति के अनुसार मंझाणा गांव में बादल फटने के बाद मंगलवार सुबह भूस्खलन की चपेट में आए ग्रामीण मोर सिंह रावत के पुत्र की दबकर मौत हो गई थी। लगातार प्रयासों के बाद छठे दिन रविवार शाम को युवक का शव बरामद किया गया। समिति का कहना था कि यदि मौके पर कम से कम दो जेसीबी मशीनें लगाई जातीं तो शव को जल्दी खोजा जा सकता था और बचाव कार्य भी अधिक प्रभावी होते।
इस निरीक्षण दल में महानगर अध्यक्ष शरद जैन, संजय छेत्री, श्याम बाबू पांडे, श्यामलाल नाथ, अशोक सेमवाल, यामिनी आले, राजेश कुमार, वीर सिंह और गौरव उनियाल शामिल थे।
इसी बीच, आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं की एक टीम प्रदेश कार्यालय में आपदा प्रभावित लोगों के लिए राहत किट तैयार करने में जुटी रही। सोमवार सुबह प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सिंह की देखरेख में एक ट्रक राहत सामग्री उत्तरकाशी के आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र के लिए रवाना किया गया। देहरादून महानगर अध्यक्ष शरद जैन ने राहत सामग्री से भरे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
महानगर मीडिया प्रभारी संजय छेत्री ने बताया कि राहत किट अत्यंत व्यवस्थित तरीके से तैयार की गई है। प्रत्येक किट में महिलाओं, बच्चों और पूरे परिवार के लिए दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल की गई हैं। खास ध्यान रखा गया है कि एक किट में एक छोटे परिवार के लिए पूरे एक महीने तक की जरूरतें पूरी हो सकें।
राहत सामग्री वाहन को रवाना करने के दौरान अनिल शर्मा, उमा सिसोदिया, डी.के. पाल, सुधा पटवाल और तारा दत्त डंगवाल भी उपस्थित रहे।
