जेनी हरक सिंह प्रकरण पर आप की प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया का कांग्रेस पर हमला, भाजपा को भी घेरा

देहरादून। आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने जेनी हरक सिंह प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण ने कांग्रेस की कथनी और करनी के अंतर को उजागर कर दिया है। महिला सम्मान और नैतिकता की बात करने वाली कांग्रेस को पहले अपने नेताओं और उनसे जुड़े विवादों पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। इस मामले में कांग्रेस की भूमिका और नेताओं के रवैये ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखण्ड की राजनीति में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का मुद्दा राजनीतिक दलों के लिए केवल बयानबाजी तक सीमित होता जा रहा है। एक ओर कांग्रेस जेनी हरक सिंह प्रकरण को लेकर सवालों के घेरे में है, वहीं दूसरी ओर भाजपा सरकार अंकिता भंडारी हत्याकांड में उठ रहे सवालों का संतोषजनक जवाब देने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग आज भी प्रदेश की जनता के मन में है। इस संवेदनशील मामले में कथित वीआईपी की भूमिका और उससे जुड़े सवालों पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही जरूरी है।
आप प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों राष्ट्रीय दलों ने उत्तराखण्ड की जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। चुनाव के समय महिला सम्मान, सुरक्षा और न्याय की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले ये दल सत्ता और राजनीतिक हितों के सामने जनता के वास्तविक मुद्दों को पीछे छोड़ देते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा और कांग्रेस दोनों की राजनीति को समझ चुकी है। जनता को केवल राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, बेटियों को न्याय और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जागरूक जनता दोनों राष्ट्रीय दलों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी और बदलाव की राजनीति को मजबूत करेगी।
उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि जनता अब भाजपा और कांग्रेस के राजनीतिक खेल में उलझने वाली नहीं है। जनता यह जानना चाहती है कि महिलाओं को न्याय कब मिलेगा और बेटियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा। वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव दोनों राष्ट्रीय दलों के लिए जनता की अदालत साबित होगा।


