खतरनाक ड्राइविंग से मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या में मुकदमा दर्ज

खतरनाक ड्राइविंग से मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या में मुकदमा दर्ज
Spread the love

देहरादून।दून पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग से एक व्यक्ति की मौत के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क पर लापरवाही और दूसरों की जान से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

19 मार्च 2026 को डीएल रोड पर एक इनोवा कार को तेज और खतरनाक तरीके से चलाते हुए चालक ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे रोहित फिलिप की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में कई अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।

मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना डालनवाला में आरोपी गुनीत सिंह के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में मु0अ0सं0-47/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 125(B), 281, 324(6) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर 20 मार्च की सुबह नियमानुसार गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय में पुलिस द्वारा मजबूत पैरवी किए जाने के बाद आरोपी का न्यायिक रिमांड स्वीकृत कर उसे जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त गुनीत सिंह (43 वर्ष), निवासी इंदर रोड, थाना डालनवाला, देहरादून है। घटना में प्रयुक्त इनोवा कार (संख्या UK07DF1795) को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

इस कार्रवाई में करनपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विक्की टम्टा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles