नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, चमोली पुलिस की कार्रवाई में फरार अभियुक्त दबोचा गया

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, चमोली पुलिस की कार्रवाई में फरार अभियुक्त दबोचा गया
Spread the love

चमोली।जनपद चमोली के थाना नंदानगर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला तब सामने आया जब 30 जनवरी 2026 को वादी द्वारा थाना नंदानगर में लिखित तहरीर देकर बताया गया कि वर्ष 2025 में उसकी नाबालिग पुत्री को प्रदीप सिंह रावत (24 वर्ष), निवासी घूनी नंदानगर, द्वारा बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और किसी को बताने पर धमकी दी गई। घटना के बाद पीड़िता के गर्भवती होने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।

तहरीर के आधार पर थाना नंदानगर में मु0अ0सं0 01/2026 के तहत धारा 64(1)(2) बीएनएस एवं 5J(2)/6 पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक मीता गुसाईं को सौंपी गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस टीम द्वारा उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही थी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और 28 मार्च 2026 को आरोपी को सुतोल टैक्सी स्टैंड, कुरूड़ पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles