देहरादून–मसूरी मार्ग पर बनेगा अतिरिक्त वैली ब्रिज, पर्यटन सीजन से पहले मंत्री गणेश जोशी के निर्देश
देहरादून। पर्यटन सीजन के मद्देनजर देहरादून–मसूरी मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को एक अतिरिक्त वैली ब्रिज निर्माण के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में मंत्री ने वन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात सुचारु बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के उपायों पर चर्चा हुई।
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रस्तावित स्थायी पुल के निर्माण से पहले अस्थायी (टेंपरेरी) वैली ब्रिज का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि अप्रैल से पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ ही देहरादून–मसूरी मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है, ऐसे में वैकल्पिक व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे न केवल यातायात सुचारु रहेगा, बल्कि पर्यटकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बैठक में डीएफओ मसूरी अमित कंवर और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

