प्रधानमंत्री मोदी के संभावित उत्तरकाशी दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज
देहरादून।प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के इस माह संभावित उत्तरकाशी दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट और पुलिस अधीक्षक श्रीमती सरिता डोबाल ने हर्षिल क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। प्रधानमंत्री के गंगा जी के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा और सीमांत वाइब्रेंट विलेज हर्षिल जाने की संभावना के मद्देनजर प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है।
मुखवा-हर्षिल क्षेत्र में हेलीपैड, सड़क, पार्किंग, बिजली, पानी, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। हर्षिल में उद्यान विभाग परिसर को कार्यक्रम स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है, जहां सौंदर्यीकरण और पार्किंग निर्माण कार्य तेज कर दिए गए हैं। मुखवा में गंगा मंदिर और आसपास के घरों को सजाने के साथ मंदिर मार्ग और सीढ़ियों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। बिजली-पानी की आपूर्ति सुचारू रखने के लिए सोलर हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं, जबकि सफाई के लिए कर्मचारियों की तैनाती और कूड़ादान की व्यवस्था की जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ. बिष्ट ने पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी एस.एल. सेमवाल और अन्य अधिकारियों के साथ हर्षिल और बगोरी स्थित हेलीपैड का निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग व बीआरओ को सड़कों के अनुरक्षण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपैड से लेकर मुखवा तक स्वागत द्वार और सजावट की भी योजना बनाई है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सैन्य बटालियन 14 राजपूताना राइफल्स के लेफ्टिनेंट कर्नल हर्षवर्द्धन सिंह शेखावत और अन्य सैन्य अधिकारियों से भी चर्चा की। मुख्य विकास अधिकारी ने मुखवा गांव का दौरा कर सौंदर्यीकरण, व्यू-प्वाइंट निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग हरीश पांगती, स्वजल परियोजना के पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूड़ा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

