शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक आस्थानों को आगे आना चाहिए:नीरज खैरवाल

Spread the love
रुद्रपुर ।देवभूमि खबर। जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने कहा कि जिले में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक आस्थानों को आगे आना चाहिए। उन्होंने उद्यमियों से आग्रह किया कि अगर वह अपनी क्षमता के अनुसार एक एक स्कूल कालेजों को गोद ले लें तो अध्ययनरत छात्रों को शिक्षा का अच्छा माहौल मिल सकता है।
डीएम औद्योगिक आस्थानों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ सीएसआर (औद्योगिक सामाजिक जिम्मेदारी) की बैठक ले रहे थे। उन्होंने आरएम सिडकुल केके कफल्टिया को निर्देश दिए कि वह पूरे जिले में उद्यमियों एवं अन्य संस्थानों को स्कूलों की सूची उपलब्ध करा दें। उन्होंने उद्यमियों से कहा कि शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए आगे आए प्रशासन उन्हें पूरा सहयोग देगा। उन्होंने जगतपुरा स्थित स्कूल में संबंधित उद्यमी द्वारा कार्य कराने से पूर्व शिक्षा विभाग द्वारा पहले कराए गए कार्य की खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य नगर आयुक्त को संयुक्त रूप से जांच करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उद्यमियों से कहा कि जिन स्कूलों को वह गोद लें उनमें सीसीटीवी कैमरे भी अवश्य  लगाएं ताकि कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि उद्योग बन्धु प्राथमिक पाठशाला एवं अन्य शिक्षण शालाओं के अध्ययनरत छात्रों के विकास के लिए आगे आएंगे तो बच्चों के माध्यम से समाज में एक अच्छा सन्देश जाएगा।
जिलाधिकारी ने उपस्थित उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों से कहा कि वह संयुक्त रूप से सीएसआर के निमित्त से एक अच्छी सी स्कीम बनाकर नाम प्रस्तुत करें ताकि आगामी राज्य स्थापना दिवस नौ नवम्बर को उसे लॉच किया जा सकें। राकेट रिद्धि सिद्धि की सोनम गिरी ने बताया कि ग्राम फुलसुंगी स्थित प्राथमिक पाठशाला में उनकी कम्पनी द्वारा गोद लिया गया है जिसके लिए 19 लाख की धनराशि व्यय करने का लक्ष्य रखा है तथा सात लाख की धनराशि अब तक स्कूल के लिए खर्च की जा चुकी है। वहीं श्रीराम फाइवर के प्रतिनिधि ने बताया कि जीजीआईसी फाजलपुर महरोला में उनकी कम्पनी द्वारा कई कार्य छात्रों के उत्थान के लिए किए जा रहे है। सीडीओ  अलोक कुमार पाण्डेय ने उद्यमियों से कहा कि वह सीएसआर के तहत टीम भावना से आगे आएं ताकि जनपद में अन्य क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा सकें। उन्होंने कहा कि यदि उद्यमी अपने टर्न ओवर का एक प्रतिशत हिस्साा भी खर्च करने का निर्णय लें तो काफी कार्य किए जा सकते हैं तथा जो कार्य करें स्थाई तौर पर होने चाहिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी जगदीश चन्द्र काण्डपाल, आरएम सिडकुल केके कफल्टिया, डीपीओ अखिलेश मिश्रा, अजय तिवारी, अजीत सिंह, प्रणव मिश्रा, जीसी जोशी समेत सिडकुल के विभिन्न उद्योगपति आदि उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles