राष्ट्रीय खेलों की ऐतिहासिक सफलता के बाद उत्तराखण्ड सरकार की खेलों को लेकर नई रणनीति

देहरादून ।उत्तराखण्ड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों की अभूतपूर्व सफलता के बाद राज्य सरकार ने खेलों के विकास के लिए नई दृष्टि और रणनीति के साथ कार्य करना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेलों के दौरान तैयार किए गए खेल ढांचे के अधिकतम उपयोग और खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए मुख्य सचिव को शीघ्र कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
राज्य ने पहली बार 100 से अधिक पदक जीतकर पदक तालिका में 7वां स्थान प्राप्त किया। खेल ढांचे को निष्क्रिय न रखकर, इसका उपयोग प्रशिक्षण केंद्रों के रूप में किया जाएगा। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज (देहरादून) और इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (हल्द्वानी) को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त किया गया है। इसके साथ ही आठ शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी।
2021 में लागू की गई खेल नीति से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि, नौकरियां और छात्रवृत्तियां दी जा रही हैं। हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय खेल संस्कृति को संस्थागत स्वरूप देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को अब “खेल भूमि” के रूप में देखा जा रहा है, जो पूरे उत्तराखण्ड के लिए गर्व का विषय है।

