कृषि मंत्री गणेश जोशी ने स्टेट सीड एंड ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन एजेंसी पर प्रतिबंध मामले में त्वरित जांच के दिए निर्देश
देहरादून। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखण्ड स्टेट सीड एंड ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन एजेंसी पर जैविक उत्पादों के प्रमाणीकरण के लिए लगाए गए प्रतिबंध के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया है। मंत्री ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कृषि विभाग के सचिव को आदेशित किया कि अपर सचिव स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया जाए। मंत्री जोशी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि समिति सभी औपचारिकताओं की जांच कर आगामी 10 दिनों के भीतर पूरी आख्या एवं संबंधित पत्रावली प्रस्तुत करे।
सरकार ने इस मामले में पारदर्शिता और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है ताकि जैविक उत्पादों के प्रमाणीकरण से जुड़ी प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता और किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।

