मतदाता सूची में धांधली के आरोप, कांग्रेस ने की निष्पक्ष जांच की मांग
टिहरी।उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी ने “मेरा वोट, मेरा अधिकार” अभियान के तहत मतदाता संरक्षण समिति गठित की है। इसी अभियान के तहत प्रदेश सह-संयोजक अभिनव थापर ने आज टिहरी जनपद का दौरा कर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक ली।
बैठक के दौरान श्री थापर का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, निकाय चुनावों में अधिकृत प्रत्याशियों के साथ विस्तृत चर्चा की। प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशभर में चरणबद्ध अभियान चलाएगी, जिसका पहला विस्तृत ब्यौरा 14 अप्रैल 2025 को प्रस्तुत किया जाएगा।
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश के 102 निकायों में बड़े पैमाने पर मतदाता सूची से नाम हटाए और जोड़े गए। श्री थापर ने कहा कि यह असंवैधानिक कार्य लोकतंत्र की हत्या के समान है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जांच के आदेश दिए हैं, लेकिन कांग्रेस का अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक पूरी सच्चाई सामने नहीं आ जाती।
पूर्व जिलाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि टिहरी में 12,000 मतदाता थे, लेकिन अचानक यह संख्या 24,000 कैसे हो गई? कई मतदाताओं ने दो अलग-अलग वार्डों में वोटिंग की, और एक ही घर पर 80-80 वोट जोड़े गए। उन्होंने आरोप लगाया कि घनसाली नगर पंचायत में भाजपा को जिताने के लिए फर्जी मतदाता जोड़े गए।
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि “डबल इंजन सरकार” लोगों के साथ छलावा करके चुनाव जीतना चाहती है। निकाय चुनाव में मतदाता सूची में हेरफेर के कारण चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं। कांग्रेस इस मामले को लेकर चुनाव आयोग से औपचारिक शिकायत दर्ज कराएगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पंवार और देवेंद्र नौडियाल ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कई चौंकाने वाले तथ्य सामने रखे।
घनसाली पालिका में कांग्रेस प्रत्याशी शंकर पाल सजवान और चंबा पालिका की प्रत्याशी बीना नेगी ने कहा कि
“अगर मतदाता सूची में इसी तरह धांधली होती रही, तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा।”
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता शांति प्रसाद भट्ट, ज्योति प्रसाद भट्ट, मुशर्रफ अली, देवेंद्र नौडियाल, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

