प्रमोशन और मानदेय वृद्धि को लेकर आंगनबाड़ी संगठन की बैठक

प्रमोशन और मानदेय वृद्धि को लेकर आंगनबाड़ी संगठन की बैठक
Spread the love

देहरादून। आंगनबाड़ी कार्यकर्ती / सेविका / मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड* की बैठक आज उज्ज्वल रेस्टोरेंट, देहरादून में संपन्न हुई। बैठक का संचालन प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी के नेतृत्व में किया गया। इस विशेष बैठक में उन सीनियर बहनों को आमंत्रित किया गया था जिनकी सेवा अवधि 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और जिन्होंने बी.ए. की डिग्री प्राप्त कर ली है।

बैठक में रेखा नेगी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों का प्रमोशन सीनियरिटी के आधार पर होना चाहिए, क्योंकि पिछले 4 वर्षों से किसी भी प्रकार का प्रमोशन नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग में सुपरवाइजर के अनेक पद रिक्त हैं, जबकि वर्तमान में एक सुपरवाइजर पर लगभग 90 केंद्रों की जिम्मेदारी है। नियमानुसार एक सुपरवाइजर को अधिकतम 20–25 केंद्रों की जिम्मेदारी होनी चाहिए।

संगठन की मांग है कि विभाग से प्रमोशन की प्रक्रिया प्रतिवर्ष होनी चाहिए ताकि योग्य और सीनियर बहनों को उनका अधिकार मिल सके। रेखा नेगी ने स्पष्ट किया कि जल्द ही इस मुद्दे पर संगठन मंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी की गई तो संगठन को मजबूरन सड़क पर उतरकर आंदोलन करना पड़ेगा।

बैठक में मानदेय वृद्धि और रिटायरमेंट के बाद 10 लाख रुपये की सहायता राशि की मांग पर भी चर्चा हुई। संगठन ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर विभाग और सरकार ने कोई संज्ञान नहीं लिया। बैठक में तय किया गया कि शीघ्र ही जिलास्तरीय रैली और धरने की तिथि घोषित की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles