आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से की मुलाकात, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से की मुलाकात, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या से उनके आवास पर मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की पदोन्नति में सहयोग के लिए मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

मुलाकात के दौरान कार्यकत्रियों ने किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए किराया भुगतान व्यवस्था में संशोधन, मानदेय की स्पष्ट जानकारी, स्मार्टफोन रिचार्ज राशि में वृद्धि और पोषण ट्रैकर में फेस कैप्चर से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

इसके अलावा कोरोना काल में वितरित किए गए सेनेटरी नैपकिन के भुगतान को लेकर विभाग द्वारा बनाए जा रहे दबाव तथा वर्तमान में निर्धारित दरों पर बिक्री में आ रही कठिनाइयों को भी प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के संज्ञान में लाया। कार्यकत्रियों ने सेनेटरी नैपकिन की पूर्व दरों को बहाल करने की मांग की।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही सभी संगठनों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।

मानदेय वृद्धि के संबंध में मंत्री ने बताया कि सरकार स्तर पर इस विषय पर विचार-विमर्श जारी है और जल्द ही संतोषजनक निर्णय लिया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न पदाधिकारियों सहित कई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

देवभूमि खबर

Related articles