रुद्रपुर में पुलिस मुठभेड़ में असलाह सप्लायर बंटी कोली गिरफ्तार, 10 अवैध हथियार बरामद

रुद्रपुर में पुलिस मुठभेड़ में असलाह सप्लायर बंटी कोली गिरफ्तार, 10 अवैध हथियार बरामद
Spread the love

रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में ‘अपराध मुक्त देवभूमि’ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में एसओजी टीम ने रुद्रपुर के कुख्यात असलाह सप्लायर बंटी कोली को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बंटी कोली के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार 15 मार्च 2026 को एसओजी टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रुद्रपुर क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाला शातिर अपराधी बंटी कोली मोदी मैदान के पास बड़ी खेप की डिलीवरी देने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बंटी कोली ने टीम पर चार राउंड फायर कर दिए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी चार राउंड फायर किए, जिसमें बंटी कोली के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके साथी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बंटी कोली (24) निवासी वार्ड नंबर 23, रमपुरा कोतवाली रुद्रपुर और मनोज कुमार (22) निवासी चंदेन थाना बिलासपुर जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 10 अवैध हथियार बरामद किए हैं, जिनमें 315 बोर के नौ तमंचे, एक 30 बोर की पिस्टल, 315 बोर के कारतूस, 12 बोर का कारतूस, एक मोटरसाइकिल और नगदी भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक बंटी कोली का आपराधिक इतिहास भी लंबा है और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2024 में उसे तीन माह के लिए जिला बदर भी किया गया था। जिला बदर का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था। उसकी तलाश उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स को भी थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली ट्रांजिट कैंप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 व 111 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3, 5, 25, 26 और 27 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles