थाना घनसाली एवं थाना नई टिहरी पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान

थाना घनसाली एवं थाना नई टिहरी पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान
Spread the love

टिहरी। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छात्र-छात्राओं और विद्यालय/महाविद्यालय स्टाफ को नशा उन्मूलन, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध तथा यातायात नियमों के संबंध में जागरूक करने हेतु जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

थाना बौराड़ी (नई टिहरी क्षेत्र) अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय बौराड़ी में आयोजित महोत्सव के अवसर पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश बल्लभ ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न आपराधिक कानूनों की जानकारी दी। इस दौरान ट्रिपल राइडिंग, ज़िग-ज़ैग मोटरसाइकिल चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन एवं बिना हेलमेट वाहन चलाने की कानूनी जानकारी दी गई। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों से बचाव, नशा मुक्ति का संदेश, साइबर क्राइम से बचने के उपाय, जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग तथा महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम संबंधी जानकारी भी साझा की गई।

इसी क्रम में थाना घनसाली पुलिस द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय सेमली में छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को जागरूक किया गया। इस अवसर पर यातायात नियमों का पालन करने की प्रेरणा दी गई तथा नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव और सामाजिक-आर्थिक हानियों पर विस्तृत जानकारी दी गई। बच्चों को गुड टच और बैड टच की जानकारी देकर सतर्क किया गया। महिला अपराध और सुरक्षा से संबंधित जानकारी के साथ 1090, 112 और 1098 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी प्रदान की गई।

इसके अलावा उत्तराखंड पुलिस के नए कानूनों और एप के उपयोग का प्रचार-प्रसार किया गया तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और साइबर फ्रॉड की स्थिति में 1930 पर कॉल करने की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 40 छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों ने भाग लिया।

थाना घनसाली की ओर से इस अभियान में हेड कांस्टेबल विनोद कुमार और महिला कांस्टेबल सोबिता शामिल रहे। जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस का कहना है कि ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को सुरक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने हेतु प्रेरित करना है।

देवभूमि खबर

Related articles