विश्व उपभोक्ता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण उत्पाद चुनने पर दिया जोर
देहरादून।विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर संयुक्त नागरिक संगठन की ओर से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण वस्तुओं के चयन के प्रति जागरूक करना था। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों ने भाग लेकर उपभोक्ता सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के डिप्टी ड्रग कंट्रोलर रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि औषधि नियंत्रण विभाग राज्य के नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बाजार में उपलब्ध दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप हों और सुरक्षित रूप से उपभोक्ताओं तक पहुंचें।
उन्होंने बताया कि विभाग दवा निर्माण इकाइयों, मेडिकल स्टोर्स और वितरण केंद्रों की नियमित निगरानी करता है, ताकि नकली या निम्न गुणवत्ता वाली दवाओं को बाजार में आने से रोका जा सके।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि दवा खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट, बैच नंबर, निर्माता कंपनी और लाइसेंस संबंधी जानकारी अवश्य जांचें। किसी भी संदिग्ध दवा या उत्पाद की जानकारी संबंधित विभाग को तुरंत देने की भी अपील की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और सोसाइटी फॉर पब्लिक एंड एनवायरनमेंटल कंसर्न फॉर साइंस (स्पेक्स) के अध्यक्ष डॉ. बृज मोहन शर्मा ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट आज उपभोक्ताओं के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुकी है। उन्होंने बताया कि दूध, मसाले, तेल, मिठाइयों और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं में मिलावट की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने उपभोक्ताओं को घरेलू स्तर पर खाद्य पदार्थों की शुद्धता जांचने के कुछ सरल उपाय भी बताए।
रेडक्रॉस सोसाइटी के मोहन खत्री ने कहा कि विश्व उपभोक्ता दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि यह दिवस प्रतिवर्ष 15 मार्च को मनाया जाता है और इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है।
राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रदीप कुकरेती, दून रेजिडेंट वेलफेयर फ्रंट के देवेंद्रपाल मोंटी और स्पेक्स के हरी राज सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी उपभोक्ता जागरूकता, पोषण, स्वास्थ्य और नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को विश्वसनीय स्थानों से ही वस्तुएं खरीदनी चाहिए और पैक्ड उत्पादों पर अंकित जानकारी को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम में दून सिटीजन फोरम के जगमोहन मेहंदीरत्ता, संयुक्त नागरिक संगठन के दिनेश भंडारी, रोड सेफ्टी अभियान के उमेश्वर रावत, पूर्व शिक्षा महानिदेशक एम.एस. बिष्ट और पर्यावरणविद जगदीश बावला सहित कई वक्ताओं ने भी उपभोक्ता जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर स्पेक्स के अध्यक्ष डॉ. बृज मोहन शर्मा और मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त फूड सेफ्टी सुधीर कुमार को वेस्ट वारियर्स संस्था के नवीन कुमार सडाना और समाजसेवी ताराचंद गुप्ता ने अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रदीप कुकरेती, सुशील त्यागी, जगमोहन मेहंदीरत्ता, नवीन सडाना, महावीर सिंह बिष्ट, दिनेश भंडारी, देवेंद्र पाल सिंह मोंटी, विनोद नौटियाल, केशव उनियाल, पूरण सिंह लिंगवाल, राधा तिवारी, राजेश्वरी रावत, संगीता रावत, प्रभात डंडरियाल, मनोज नौटियाल, हरी सिंह मेहर सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता व नागरिक उपस्थित रहे।
