बीस सूत्री कार्यक्रम 2024-25 क्रियान्वयन में बागेश्वर पहले, चमोली सबसे पीछे

बीस सूत्री कार्यक्रम 2024-25 क्रियान्वयन में बागेश्वर पहले, चमोली सबसे पीछे
Spread the love

देहरादून । उत्तराखंड शासन द्वारा वर्ष 2024-25 के फरवरी माह के लिए बीस सूत्री कार्यक्रम की जिलावार प्रगति रिपोर्ट जारी की गई है, जिसमें राज्य के सभी 13 जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया है। इस मूल्यांकन में बागेश्वर जिला 87.3% अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि चमोली जिला 50.98% अंकों के साथ अंतिम स्थान पर रहा।

रिपोर्ट में जिलों को विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों में उनकी उपलब्धियों के आधार पर A, B, C और D ग्रेड दिए गए हैं। बागेश्वर को सर्वाधिक 33 A ग्रेड प्राप्त हुए, जिससे उसने कुल 110 अंक अर्जित किए। इसके बाद ऊधम सिंह नगर ने 108 अंक और पौड़ी ने 105 अंक हासिल कर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर स्थान बनाया।

चंपावत, टिहरी, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा जैसे पर्वतीय जिले भी शीर्ष दस में शामिल रहे, जबकि देहरादून, हरिद्वार, उत्तरकाशी और चमोली जैसे जिले अपेक्षाकृत कम प्रदर्शन कर पाए। रिपोर्ट के अनुसार चमोली को केवल 75 अंक मिले और उसके खाते में मात्र 25 A ग्रेड ही आए।

यह रिपोर्ट जिलाधिकारियों द्वारा भेजे गए मासिक आंकड़ों और विभागीय सूचनाओं के आधार पर तैयार की गई है, जिसे बीस सूत्री कार्यक्रम की राज्य स्तरीय समिति को अवलोकन और मूल्यांकन हेतु भेजा गया है। कार्यक्रम के तहत सामाजिक योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति का अवलोकन किया जाता है, जिससे जिलों के कार्यों में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित हो सके।

देवभूमि खबर

Related articles