अखिल गढ़वाल सभा भवन में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई बसंत पंचमी
देहरादून। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर अखिल गढ़वाल सभा भवन, नेशविला रोड, देहरादून में सभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई। सभा भवन स्थित रामेश्वर मंदिर में मुख्य आचार्य पंडित दामोदर प्रसाद सेमवाल के सान्निध्य में मां सरस्वती का ध्यान एवं ध्वज पूजन कर ध्वज स्थापित किया गया। इसके पश्चात पारंपरिक रूप से मीठा चावल (खुसका) प्रसाद के रूप में वितरित किया गया।
सभा अध्यक्ष श्री रोशन धस्माना ने बसंत पंचमी के पर्व को पहाड़ी संस्कृति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पूर्व में इस दिन घरों के मुख्य द्वारों पर गाय के गोबर से जौ लगाए जाते थे और होलिका दहन के लिए ध्वज लगाया जाता था।
महासचिव श्री गजेंद्र भंडारी ने अपने गांवों में बसंत पंचमी के अवसर पर स्कूली छात्रों द्वारा पीले वस्त्र धारण कर मां सरस्वती की पूजा करने और प्रसाद वितरण की परंपरा को याद करते हुए कहा कि आज सभा भवन में मीठा चावल वितरित कर गांव की यादें ताजा हो गईं।
इस शुभ अवसर पर सभा अध्यक्ष श्री रोशन धस्माना, उपाध्यक्ष श्रीमती निर्मला बिष्ट, महासचिव श्री गजेंद्र भंडारी, सह सचिव श्री संतोष गैरोला, प्रबंध सचिव श्री वीरेंद्र असवाल, संगठन सचिव डॉ. सूर्य प्रकाश भट्ट, पंडित दामोदर प्रसाद सेमवाल, हितकारी संस्था के अध्यक्ष श्री गोपाल सिंह रावत, श्री चंदन सिंह राणा, श्री कृष्ण मोहन बहुगुणा, श्री सतीश थपलियाल, श्रीमती किरण खंडूरी, श्री महेंद्र चमोली, श्री नितिन बिष्ट, श्री सच्चिदानंद डोभाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

