चारधाम यात्रा से पहले STF का साइबर प्रहार: 180 फर्जी लिंक व 10 वेबसाइट्स बंद, 52 नंबर ब्लॉक
देहरादून। चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं को ठगने वाले गिरोहों पर कड़ा प्रहार करते हुए अब तक 180 फर्जी सोशल मीडिया लिंक (फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम अकाउंट) को बंद कराया गया है, जबकि 52 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ब्लॉक करने की कार्रवाई की गई है।
एसटीएफ ने हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर संचालित 10 संदिग्ध वेबसाइट्स को भी चिन्हित कर निष्क्रिय कराया है। इसके अलावा एक राज्य से संगठित रूप से संचालित 147 लिंक ऑपरेटरों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
यह कार्रवाई केदारनाथ धाम सहित चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते साइबर फ्रॉड को देखते हुए की गई है। साइबर ठग फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया विज्ञापन और लिंक के माध्यम से हेलीकॉप्टर बुकिंग का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रहे थे।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में गठित “सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं एक्शन टीम” लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर नजर रख रही है और ऐसे फर्जी नेटवर्क को ध्वस्त कर रही है।
एसटीएफ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें और किसी भी संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया पेज या व्हाट्सएप संदेश के जरिए टिकट बुकिंग से बचें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

