चारधाम यात्रा से पहले टिहरी पुलिस अलर्ट, एसएसपी श्वेता चौबे ने मार्गों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

चारधाम यात्रा से पहले टिहरी पुलिस अलर्ट, एसएसपी श्वेता चौबे ने मार्गों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण
Spread the love

टिहरी । आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने यात्रा मार्गों का ग्राउंड जीरो पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं बुनियादी सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने बगड़धार, दुआधार और ताछला जैसे भूस्खलन प्रभावित एवं संवेदनशील स्थानों के साथ-साथ भद्रकाली, तपोवन और मुनि की रेती जैसे यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने PWD, BRO और NHAI के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर इन स्थानों पर ‘बॉटलनेक’ और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मार्गों एवं पार्किंग स्थलों पर पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छ शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु पुलिस, पीआरडी और होमगार्ड की अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसएसपी ने संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में SDRF को अलर्ट मोड पर रखने तथा भूस्खलन की स्थिति में त्वरित मार्ग बहाली के लिए जेसीबी और पोकलैंड मशीनों को तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि संबंधित मशीन ऑपरेटरों के संपर्क नंबर थाना और कंट्रोल रूम में उपलब्ध रहें।

ब्रह्मानंद मोड़ से तपोवन तक सड़क मार्ग को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश देते हुए एसएसपी ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त साइन बोर्ड, बैरियर और चेतावनी संकेत स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles