उत्तराखंड में भाजपा सरकार लाने में युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान है: भट्ट
2
रुद्रपुर ।देवभूमि खबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि युवा मोर्चा पार्टी की रीढ़ हैं। उत्तराखंड में भाजपा सरकार लाने में युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। युवा मोर्चा हमारी ताकत है।
भट्ट शहर से सटे कंचनतारा होटल में भाजपा युवा मोर्चा के सुशासन महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि युवाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा युवा मोर्चा की मेहनत ही है जो आज भाजपा बुलंद इरादों के साथ खड़ी है। हर कार्यकर्ता को पूरी मेहनत और लगन से पार्टी को मजबूत बनाने का काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा पारदर्शी पार्टी है। इसमें और पारदर्शिता लाने के लिए आजीवन सहयोग निधि प्रकोष्ठ का निर्धारण किया गया है। इसका शुभारंभ 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य देश के प्रति भूमिका को और मजबूती प्रदान करना है। इसके तहत 25 दिसंबर से 26 जनवरी तक प्रदेश में 25 करोड़ की धनराशि जमा करने का लक्ष्य रखा गया है। भारतीय जनता पार्टी अपनी प्रखर एवं विशिष्ट सोच और विशिष्ट संगठनात्मक कार्यपद्यति के कारण एक अलग पहचान वाली पार्टी कहलाती है।
भट्ट ने कहा कि पार्टी संगठन को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करने के लिए आम जनमानस से विनम्रतापूर्वक आग्रह किया जाएगा कि देश हित में पार्टी को ओर मजबूती प्रदान करने के लिए आजीवन सहयोग निधि के माध्यम से चेक या डिजिटल इंडिया के माध्यम से सहयोग करें।
कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि युवाओं को आगे बढ़कर आना होगा। यह युवाओं की पार्टी है और देश का भविष्य युवाओं के दम पर है। प्रत्येक कार्यकर्ता को दमदारी के साथ संगठन को मजबूत करना चाहिए। इस दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल ने कहा कि पार्टी ने युवा मोर्चा को जो भी जिम्मेदारी दी है उसे लगन के साथ निभाया है तथा आगे भी निभाएंगे। प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार ने कहा नरेंद्र मोदी सरकार एवं प्रदेश की त्रिवेंद सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आम जन ने सराहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता केंद्र तथा उत्तराखंड सरकार के कार्यों को लोगों के बीच में जाकर बताएं।
बैठक में पूरे प्रदेश के जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, सहयोग निधि के जिला संयोजक आदि लोग मौजूद रहे, जिसमें रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा के विधायक राजेश शुक्ला, काशीपुर विधायक हरभजन सिंह चीमा, सितारगंज विधायक सौरभ बहुगुणा, वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, गजराज बिष्ट, आशीष गुप्ता, राजकुमारी गिरि, आदेश ठाकुर, भागवत सिंह, भारत भूषण चुघ, सुरेश परिहार, हरीश सुखीजा, प्रदीप बिष्ट, विनय गोयल, डा. जयपाल सिंह, श्याम डोभाल, रामदत्त जोशी, संजय सिंह नेगी, शैलेंद्र मोहन सिंघल, गुंजन सुखीजा, उत्तम दत्ता, वेद ठुकराल, विकास शर्मा, सुरेश विश्वास, रवि पाल, सुरेश कोली आदि मौजूद थे। उधर, कार्यक्रम संयोजक हिमांशु शुक्ला ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
