ऑपरेशन क्रैकडाउन में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी दस्तावेजों पर रह रहीं 3 विदेशी महिलाएं गिरफ्तार

ऑपरेशन क्रैकडाउन में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी दस्तावेजों पर रह रहीं 3 विदेशी महिलाएं गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन क्रैकडाउन” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी भारतीय दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से रह रही तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं में एक किर्गिस्तान और दो उज्बेकिस्तान की नागरिक हैं, जो लंबे समय से भारत में अवैध रूप से निवास कर रही थीं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान के दौरान 28 मार्च 2026 को थाना रायपुर पुलिस को सांई कॉम्पलेक्स के एक फ्लैट में तीन विदेशी महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में रहती हुई मिलीं। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगने पर वे कोई संतोषजनक प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सकीं, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में महिलाओं ने अपनी पहचान ईरीका (किर्गिस्तान), करीना और निगोरा (दोनों उज्बेकिस्तान) के रूप में बताई। जांच में सामने आया कि ईरीका वर्ष 2023 में एक वर्ष के वीजा पर भारत आई थी, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी देश नहीं लौटी। वहीं, अन्य दोनों महिलाएं नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर विभिन्न स्थानों पर रह रही थीं। तीनों की मुलाकात दिल्ली में हुई, जहां उन्होंने एक परिचित के माध्यम से फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार कराए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि निगोरा को पूर्व में बिहार पुलिस द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से रहने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद वह दोबारा अवैध रूप से भारत में रह रही थी। पिछले छह से सात महीनों से तीनों महिलाएं देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर निवास कर रही थीं।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से पासपोर्ट, फर्जी आधार और पैन कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल फोन तथा विदेशी मुद्रा बरामद की है। इस मामले में थाना रायपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles