नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36 लाख की स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36 लाख की स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

नैनीताल।मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत नैनीताल पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में जिले में लगातार सघन चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 27 मार्च 2026 को हल्द्वानी क्षेत्र में एफटीआई गेट के पास चेकिंग के दौरान एक महिला तस्कर को 132 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद स्मैक की कीमत लगभग 36 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।

महिला तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोया खान (30 वर्ष) निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, गौजाजाली, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी (धारा 420) के दो मामले हल्द्वानी और मुखानी थानों में दर्ज हैं, जिससे उसके आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने की पुष्टि होती है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को SSP नैनीताल द्वारा 2000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

नशे के खिलाफ सख्त रुख, अवैध संपत्ति पर भी कार्रवाई
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा न केवल तस्करों की गिरफ्तारी की जा रही है, बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों के जब्तीकरण (अटैचमेंट) की कार्रवाई भी लगातार जारी है।

जनपद नैनीताल में वर्ष 2026 के पहले तीन महीनों में अब तक 14 मामलों में 18 तस्करों (जिनमें 2 महिलाएं शामिल) को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान कुल 901.242 ग्राम स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 66 लाख 30 हजार रुपये है, बरामद की गई है।

टीम में उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह मेहता, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल तारा सिंह और महिला कांस्टेबल अनिता फुलेरिया शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles