ऋषिकेश आबकारी टीम की बड़ी कार्रवाई: कार से 10 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार रात करीब 9:00 बजे आबकारी टीम ऋषिकेश एवं जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून ने मोहकमपुर फ्लाईओवर के पास एक संदिग्ध चार पहिया वाहन को रोककर चेकिंग की।
वाहन की तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से कुल 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इनमें 5 पेटी रॉयल स्टैग व्हिस्की (कांच की बोतलों में) मिलीं, जिन पर “फॉर सेल इन डिफेंस ओनली” का लेबल लगा था, जबकि 5 पेटी मैकडॉवेल नंबर 1 शराब बरामद हुई, जिन पर “फॉर सेल इन दिल्ली ओनली” अंकित था।
मौके पर वाहन चला रहे व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसने अपना नाम रवि पुत्र ग्वेन्द्र सिंह निवासी अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी बद्रीपुर, देहरादून बताया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये आंकी गई है।
आबकारी टीम ने मौके से शराब और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है। अभियुक्त के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।

