ऊधमसिंहनगर में बड़ी कार्रवाई: 103 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 35 लाख की बरामदगी
रुद्रपुर। उधमसिंहनगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में 103 ग्राम स्मैक के साथ दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एएनटीएफ (ANTF) और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 26 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे स्थित सर्विस लेन पर बालाजी अपार्टमेंट के कट के पास एक अर्टिगा कार (संख्या UK06BN7474) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 103.23 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से अमरजीत सिंह पुत्र सतपाल सिंह और सुखदेव सिंह पुत्र ज्ञान सिंह, निवासी ग्राम खुशालपुर, चौकी सकेनिया थाना गदरपुर को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों अभियुक्त लंबे समय से अवैध स्मैक तस्करी में संलिप्त थे।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। अमरजीत सिंह पर एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सुखदेव सिंह के खिलाफ भी मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली रुद्रपुर में मामला दर्ज कर लिया है और उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

