बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण के कार्यालय का रुद्रप्रयाग में शुभारंभ
रुद्रप्रयाग। श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण के नए कार्यालय का सोमवार को रुद्रप्रयाग नगरपालिका भवन के निकट विधिवत शुभारंभ हुआ।
कार्यालय के आरंभ से पहले आचार्य विनोद सेमवाल द्वारा पूजा-अर्चना एवं हवन-यज्ञ कराया गया, जिसके पश्चात विधिवत रूप से कार्यालय का उद्घाटन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बीकेटीसी उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने हेतु चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री बदरीनाथ–केदारनाथ यात्रा सतत रूप से चल रही है और समिति का प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद व मंगलमय रहे।
कार्यालय उद्घाटन समारोह में बीकेटीसी विश्राम गृह रुद्रप्रयाग के प्रबंधक अनिल भट्ट, प्रमोद कैशिव, कुलदीप चौधरी सहित बड़ी संख्या में संगठन कार्यकर्ता मौजूद रहे।
