पीएम-श्री विद्यालयों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु ब्लॉक स्तरीय समितियों का गठन – शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत

पीएम-श्री विद्यालयों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु ब्लॉक स्तरीय समितियों का गठन – शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत
Spread the love

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत पीएम-श्री विद्यालयों के अवस्थापना कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिये कि ब्लॉक स्तर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की जाएगी, जो विद्यालयों के निर्माण कार्यों से लेकर खरीद-फरोख्त तक सभी कार्यों की निगरानी करेगी।

उन्होंने बताया कि आपदाग्रस्त विद्यालयों एवं अन्य परिसम्पत्तियों के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार ने आपदा मोचन निधि से 20 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जिन्हें सभी जनपदों को आवंटित कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री ने मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत कर क्षतिग्रस्त विद्यालयों के निर्माण कार्य पूर्ण कराए जाएं।

समीक्षा बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समग्र शिक्षा के अंतर्गत राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, जूते, ड्रेस और साइकिल हेतु स्वीकृत धनराशि आगामी 15 सितम्बर तक डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में अनिवार्य रूप से हस्तांतरित की जाएगी।

डॉ. रावत ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में संचालित आवासीय विद्यालयों, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, अभिनव विद्यालय, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय छात्रावास एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर भोजन, आवास और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विद्यालयों को पुस्तकालय मद में प्रतिवर्ष किताबें खरीदने के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन कई विद्यालयों में इसका सही उपयोग नहीं हो पाता। इसके लिए विद्यालय स्तर पर तीन सदस्यीय समिति गठित की जाएगी और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी समय-समय पर पुस्तकालयों का भौतिक निरीक्षण करेंगे।

इसके साथ ही मंत्री ने प्रदेशभर में संचालित वर्चुअल कक्षाओं एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के नियमित निरीक्षण पर भी जोर दिया। सभी जनपदों को अपने विद्यालयों का सम्पूर्ण डाटा विद्या समीक्षा केन्द्र को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये, ताकि विद्यालयों से संबंधित सभी जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध हो सके।

बैठक में निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय नौडियाल, एपीडी समग्र शिक्षा कुलदीप गैरोला, वित्त नियंत्रक वीरेन्द्र सिंह, अपर निदेशक पदमेन्द्र सकलानी, उप निदेशक जगदीश काला, मंजू भारती, अजीत भण्डारी, रमेश तोमर समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

देवभूमि खबर

Related articles