बेस अस्पताल की दोनों लिफ्टें अतिशीघ्र होंगी ठीक, डीएम ने लिया संज्ञान
न्यूज रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। हल्द्वानी स्थित सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में कई दिनों से लिफ्टें खराब होने की शिकायत पर जिला अधिकारी ललित मोहन रयाल ने संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय को मौके पर जाकर लिफ्ट मरम्मत कार्य की प्रगति जांचने और इसे जल्द से जल्द सुचारू कराने के निर्देश दिए।
निर्देशों का अनुपालन करते हुए अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बेस अस्पताल पहुंचकर खराब लिफ्टों का स्थलीय निरीक्षण किया और अस्पताल प्रबंधन से मरम्मत से संबंधित जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को लिफ्टों की मरम्मत शीघ्र कराने के साथ ही अपर जिलाधिकारी को अस्पताल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.एस. दताल ने बताया कि दोनों लिफ्टों की मरम्मत हेतु संबंधित कंपनी से वार्ता हो चुकी है। कार्यादेश जारी किया जा रहा है और जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू होकर पूर्ण कर दिया जाएगा, जिसके बाद लिफ्टें फिर से सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।
