कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने धारचूला में जन समस्याएं सुनी, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के दिए निर्देश
पिथौरागढ़।अपने दो दिवसीय पिथौरागढ़ जनपद भ्रमण पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा मंगलवार को धारचूला पहुंचे, जहां स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात मंत्री श्री बहुगुणा ने धौली निकेतन तपोवन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर जनप्रतिनिधियों से क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी ली और समाधान पर विचार विमर्श किया।
बुधवार को आयोजित धारचूला ब्लॉक सभागार कार्यक्रम में मंत्री को पारंपरिक पगड़ी व छिपला केदार मंदिर की फोटो स्मृति चिन्ह स्वरूप भेंट की गई। स्थानीय मत्स्य पालकों और रं कल्याण संस्था के पदाधिकारियों द्वारा भी उनका स्वागत किया गया। मत्स्य पालकों ने सरकारी योजनाओं से हो रही आय और लाभ पर संतोष जताया।
मंत्री बहुगुणा ने जनता की समस्याओं के समाधान हेतु मौके से ही अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से निर्देश दिए। नगर पालिका अध्यक्ष शशि थापा ने नगर में गो सदन की स्थापना और टैक्सी स्टैंड निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण की मांग उठाई।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि आईटीबीपी द्वारा स्थानीय मत्स्य पालकों को 48 घंटे में भुगतान किया जा रहा है। अस्पतालों में स्टाफ की कमी सहित अन्य मुद्दों पर भी उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। आदि कैलाश यात्रा मार्ग की समस्याओं पर चर्चा कर उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलने और पुनः जनपद भ्रमण का भरोसा दिलाया।
अपने पूर्वजों को याद करते हुए मंत्री ने सीमांत क्षेत्र में आपदा काल के दौरान किए गए कार्यों को भी साझा किया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री अशोक नबियाल, भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र बुदियाल ने किया।

