भीमताल में सीडीओ ने की योजनाओं की समीक्षा,वित्तीय वर्ष में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश

भीमताल में सीडीओ ने की योजनाओं की समीक्षा,वित्तीय वर्ष में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश
Spread the love

रिपोर्ट। ललित जोशी।

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से लगभग 22 किलोमीटर दूर स्थित विकास भवन सभागार भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अनामिका ने जिला योजना, राज्य एवं केंद्र पोषित योजनाओं के साथ ही बीस सूत्रीय कार्यक्रमों की विभागवार प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में विभागों को प्राप्त धनराशि का समय से व्यय सुनिश्चित करें और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें।

सीडीओ ने कहा कि मानसून काल अब समाप्त होने जा रहा है, ऐसे में सभी कार्यदाई संस्थाएं निर्माण कार्यों की टेंडरिंग प्रक्रिया तुरंत प्रारंभ करें और इसी माह स्थल पर कार्य शुरू कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दिसंबर माह तक मौसम निर्माण कार्यों के लिए अनुकूल रहता है, इसलिए विभागों को चाहिए कि सभी निर्माण कार्य दिसंबर तक पूर्ण कर लें। सीडीओ ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में जाकर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें, ताकि कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे।

बीस सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सीडीओ अनामिका ने कहा कि सभी विभागों को ‘ए श्रेणी’ में लाना आवश्यक है। जनपद में बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 42 मद हैं, जिनमें वर्तमान में 19 विभाग ए श्रेणी, 11 विभाग बी श्रेणी, 4 विभाग सी श्रेणी और 8 विभाग डी श्रेणी में हैं। उन्होंने विशेष रूप से डी श्रेणी वाले विभागों – जल जीवन मिशन, बायोगैस, स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पारिवारिक शौचालय और सिंचन क्षमता सृजन से जुड़े विभागों को निर्देश दिए कि वे प्रगति की गति बढ़ाते हुए ए श्रेणी में आएं।

जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी ने बैठक में अवगत कराया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद नैनीताल की जिला योजना 70 करोड़ 20 लाख 50 हजार रुपये की अनुमोदित हुई है। इसकी शत-प्रतिशत धनराशि विभागों को आवंटित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान तक विभागों द्वारा लगभग 30 प्रतिशत धनराशि व्यय की जा चुकी है।

इस अवसर पर बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पंत, एपीडी चन्द्रा फर्त्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी ने किया।

देवभूमि खबर

Related articles