चारधाम व हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर चमोली पुलिस सतर्क, एसपी ने गोविंदघाट का किया निरीक्षण
चमोली। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कोतवाली गोविंदघाट का वार्षिक निरीक्षण करते हुए आगामी चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों की जमीनी स्तर पर समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने और यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सर्वप्रथम गोविंदघाट गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका तथा गुरुद्वारे के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह से मुलाकात कर हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की।
इसके बाद गार्ड सलामी ग्रहण कर थाना परिसर का सघन निरीक्षण किया गया। एसपी ने थाना, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, बैरिक, हवालात और भोजनालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभिलेखों की जांच के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल सुधारने तथा रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सीसीटीएनएस एवं अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर प्रविष्टियों को समयबद्ध और अपडेट रखने पर जोर दिया। साथ ही जवानों से शस्त्र संचालन का अभ्यास कर उनकी दक्षता परखी और नियमित शस्त्राभ्यास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दंगा नियंत्रण उपकरणों की समीक्षा करते हुए जैकेट, केन शील्ड और हेलमेट की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं, आपदा प्रबंधन उपकरणों की कार्यक्षमता जांचते हुए सभी कर्मियों को इनके संचालन का प्रशिक्षण देने के लिए एसडीआरएफ के माध्यम से विशेष प्रशिक्षण आयोजित कराने के निर्देश दिए।
एसपी ने चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा को देखते हुए बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। साथ ही निष्प्रयोज्य सामग्री की समीक्षा कर मरम्मत योग्य वस्तुओं को ठीक कराने और अन्य को नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चौकी लामबगड़, चौकी पांडुकेश्वर और बैरियर का भी जायजा लिया गया, जिन्हें यात्रा के दौरान अत्यंत संवेदनशील माना जाता है।
अंत में एसपी ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए आगामी यात्रा को चुनौतीपूर्ण बताते हुए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चमोली पुलिस का लक्ष्य सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है तथा पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति विनम्र और सुरक्षा मामलों में सख्त होना चाहिए।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक चित्रगुप्त, निरीक्षक अभिसूचना सूरत चौहान, उपनिरीक्षक प्रशांत बिष्ट, उपनिरीक्षक संदीप सैनी, आशुलिपिक युजवेन्द्र रावत सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

