HTML tutorial
HTML tutorial

चमोली पुलिस ने रातभर की मशक्कत से खोजा 14 लाख के जेवरों से भरा बैग, शादी में जा रहे परिवार को मिली राहत

चमोली पुलिस ने रातभर की मशक्कत से खोजा 14 लाख के जेवरों से भरा बैग, शादी में जा रहे परिवार को मिली राहत
Spread the love

चमोली। भाई की शादी में शामिल होने जा रही दो महिलाओं का करीब 14 लाख रुपये के जेवरों से भरा बैग सफर के दौरान गुम हो गया। परेशान महिलाएं मदद की उम्मीद लेकर कोतवाली चमोली पहुंचीं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज और वाहनों की जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने रात करीब एक बजे जेवरों से भरा बैग बरामद कर महिलाओं को बड़ी राहत पहुंचाई।

घटना 18 अक्टूबर 2026 की है। रामनगर, नैनीताल और लक्ष्मीनगर, नई दिल्ली निवासी दो महिलाएं अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए ज्योतिर्मठ जा रही थीं। दोनों सुबह रामनगर से अपनी गाड़ी से गैरसैंण पहुंचीं। इसके बाद टैक्सी से कर्णप्रयाग और फिर दूसरे वाहन से चमोली पहुंचीं। इसी दौरान उनका जेवरों से भरा पिट्ठू बैग कहीं छूट गया। बैग में करीब 14 लाख रुपये के कीमती जेवर रखे थे। काफी तलाश करने के बाद भी जब बैग नहीं मिला, तो दोनों महिलाएं रात करीब साढ़े सात बजे कोतवाली चमोली पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली चमोली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश ने बैग की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कर्णप्रयाग क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की मदद से संबंधित वाहन की पहचान की और उसके चालक से संपर्क किया। रात करीब साढ़े दस बजे नारायणबगड़ के पास हरवंश गांव में वीडियो कॉल के माध्यम से वाहन की जांच कराई गई, लेकिन बैग वहां नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस ने महिलाओं से उनके सफर की पूरी जानकारी जुटाई और कर्णप्रयाग से चमोली तक उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए दूसरे वाहन का पता लगाया। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे और आखिरकार रात करीब एक बजे संबंधित वाहन से जेवरों से भरा बैग बरामद कर लिया।

लाखों रुपये के जेवर सुरक्षित मिलने पर दोनों महिलाओं और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। महिलाओं ने चमोली पुलिस की तत्परता, सूझबूझ और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार की शादी की खुशियों के बीच छाई चिंता दूर हो गई।

 

देवभूमि खबर

Related articles