मुख्यमंत्री धामी ने 220 चिकित्सा अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री धामी ने 220 चिकित्सा अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड चिकित्सा स्वास्थ्य सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में 220 नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह क्षण उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सक केवल डॉक्टर नहीं, बल्कि देवभूमि के आरोग्य प्रहरी हैं। उन्होंने नियुक्ति पत्र पाने वाले चिकित्सकों को बेहतर इलाज के साथ-साथ मधुर व्यवहार, सेवाभाव और समर्पण का मूल मंत्र अपनाने की सीख दी। कवि गुमानी पंत की पंक्तियों “प्रथम देह को जतन कर लो, फिर साधना होगी।।“ को उद्धृत करते हुए उन्होंने चिकित्सकों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज की सेवा में करने का आह्वान किया।

धामी ने बताया कि प्रदेश के 11 लाख से अधिक मरीजों को अब तक 21 करोड़ रुपये से अधिक की कैशलेस इलाज सुविधा मिल चुकी है। श्रीनगर में कार्डियो और न्यूरोलॉजी तथा हल्द्वानी में कैंसर संबंधी विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थितियों में हेलीकॉप्टर से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर जीवन बचाने का काम किया जा रहा है। धराली आपदा के दौरान इसका प्रत्यक्ष उदाहरण सामने आया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य केंद्रों के आधुनिकीकरण, पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति और टेलीमेडिसिन सेवाओं के विस्तार से स्वास्थ्य सुविधाओं को नया आयाम मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार प्रत्येक जनपद में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का प्रयास कर रही है, ताकि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड आज हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान बना रहा है और विकसित भारत के संकल्प में नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब उत्तराखंड के साथ यहां का समाज और नागरिक भी विकसित होंगे।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने बताया कि 220 चिकित्सकों में 04 दिव्यांग कोटे के चिकित्सकों को छोड़कर शेष सभी को दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि विभाग जल्द ही और चिकित्सकों, नर्सेज और सपोर्टिंग स्टाफ की भर्ती करेगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक राज्य के 220 स्थानों पर बड़े स्तर पर ब्लड डोनेशन कैंप और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनसे 25 लाख से अधिक लोगों को लाभ पहुंचेगा।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों व सपोर्टिंग स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता से अधिकतर चिकित्सक भी सेवाएं देने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि आज भी लोग भगवान के बाद सबसे अधिक सम्मान चिकित्सकों को देते हैं, इसलिए चिकित्सकों को लोगों के विश्वास को और मजबूत करना होगा।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, राजकुमार पोरी, सरिता कपूर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, महानिदेशक स्वास्थ्य सुनीता टम्टा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles